एंटरटेनमेंट

अभिनेता विजय राज छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार, जमानत पर छूटे

आम मत | मुंबई

रन, सात उच्चके, देल्ही बैली जैसी फिल्मों में अपने उत्कृष्ट अभिनय की छाप छोड़ चुके अभिनेता विजय राज को मंगलवार को पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उन्हें मंगलवार को ही कोर्ट ने जमानत भी दे दी। विजय राज को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से गिरफ्तार किया गया।

कथित तौर पर विजय राज पर फिल्म सेट पर एक महिला कलाकार के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। एक्टर पर आईपीसी की धारा 354 के तहत केस दर्ज किया गया है। विजय राज टीम के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट में थे, जहां वे अगली फिल्म ‘शेरनी’ की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। खबर के अनुसार, सोमवार देर रात महिला की शिकायत पर रामनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार सुबह अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कुछ समय बाद ही उन्हें जमानत मिल गई।

उल्लेखनीय है कि 1963 में जन्मे विजय राज ने भोपाल एक्सप्रेस फिल्म से वर्ष 1999 में अपने करिअर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे कई अन्य फिल्मों में भी दिखाई दिए। हालांकि, उन्हें प्रसिद्धी वर्ष 2004 में अभिषेक बच्चन-भूमिका चावला अभिनीत फिल्म रन से मिली थी। इस फिल्म में वे अभिषेक के दोस्त बने थे और उनका कौव्वा बिरयानी और अन्य शॉट आज भी लोगों के जहन में ताजा हैं।

मनोज वाजपेयी-केके मेनन के साथ उनकी जोड़ी 2016 में प्रदर्शित फिल्म सात उच्चके में काफी पसंद की गई। वे इस साल अमिताभ बच्चन-आयुष्मान खुराना अभिनीत गुलाबो सिताबो और कुणाल खेमू अभिनीत लूटकेस में भी दिखाई दिए थे। ये दोनों फिल्में कोरोना के कारण ओटीटी पर रिलीज हुई थी। वहीं, वे इसी साल ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही सूरज पर मंगल भारी फिल्म में भी दिखाई देंगे।

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

Back to top button