क्षेत्रीय खबरेंप्रमुख खबरेंराजनीति खबरें

वायरल ऑडियो मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह समेत 3 पर केस दर्ज

आम मत | जयपुर

राजस्थान में विधायकों की खरीद-फरोख्त का गुरुवार को वीडियो वायरल होने के बाद राजनीति और गरमा गई है। कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई। एसओजी एडीजी अशोक राठौड़ के अनुसार, वायरल ऑडियो को लेकर महेश जोशी ने दो शिकायतें दर्ज कराई है। एसओजी ने 124ए (राजद्रोह) और 120बी (साजिश रचने) के दो केस दर्ज किए हैं। साथ ही, इस ऑडियो क्लिप की जांच की जा रही है। इनमें से एक मामला केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा व भाजपा नेता संजय जैन के खिलाफ दर्ज किया गया है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है। वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। शेखावत ने कहा कि ऑडियो फेक है। मैं मारवाड़ की भाषा बोलता हूं, जबकि ऑडियो में झुंझुनूं टच है। जिस गजेंद्र का जिक्र किया गया है, उसका कोई पद का जिक्र नहीं है। इधर, कांग्रेस ने विश्वेंद्र सिंह और भंवरलाल शर्मा को पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया है। साथ ही, दोनों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया।

जांच प्रभावित ना हो, इसलिए मंत्री गजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी होः कांग्रेस

कांग्रेस ने शुक्रवार को फेयरमॉन्ट होटल में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि ऑडियो टेप वायरल होने से पूरे मामले में भाजपा नेताओं की भूमिका संदेह के घेरे में हैं। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जांच को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए उनके खिलाफ वॉरंट जारी हो और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। सुरजेवाला ने यह भी कहा कि मामले में सचिन पायलट सामने आकर भाजपा को कांग्रेस विधायकों की लिस्ट देने की बात पर सफाई दे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे 25-30 करोड़ रुपए में विधायकों की निष्ठा खरीदने की कोशिश कर रह थे। इससे स्पष्ट है कि भाजपा ने कांग्रेस सरकार गिराने और विधायकों को खरीदने का प्रयास किया।

वायरल ऑडियो में कुछ ये थी बातचीत

गुरुवार को वायरल हुए ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को संजय जैन बता रहा है। वहीं, दूसरे व्यक्ति ने खुद को गजेंद्र सिंह शेखावत बताया। इस बातचीत में कांग्रेस नेता भंवरलाल शर्मा का भी जिक्र है। ऑडियो में एक व्यक्ति यह कहता है कि जल्द ही 30 की संख्या पूरी हो जाएगी। राजस्थानी में वही व्यक्ति जीतने की भी बात कहता है। ऑडियो में एक व्यक्ति कहता है कि हमारे साथी दिल्ली में बैठे हैं, वे पैसा ले चुके हैं। पहली किस्त पहुंच चुकी है। बातचीत के दौरान खुद को गजेंद्र सिंह बताने वाला व्यक्ति सरकार को घुटने पर टिकाने की बात कर रहा है।

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

Back to top button