प्रमुख खबरेंराष्ट्रीय खबरें

राजस्थान-हरियाणा बॉर्डरः दिल्ली जाने का प्रयास करते किसानों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

आम मत | अलवर

कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन एक महीने बाद भी लगातार जारी है। वहीं, अलवर जिले के शाहजहांपुर-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों और हरियाणा पुलिस में रविवार को झड़प हुई। झड़प इतनी बढ़ गई कि पुलिस को वॉटर केनन, लाठीचार्ज और आंसूगैस का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस और किसानों के इस टकराव के कारण 5 किमी लंबा जाम लग गया। फिलहाल सभी आंदोलनरत किसानों को हरियाणा में धारूहेड़ा के पास रोका गया है।

ये सभी किसान दिल्ली में चल रहे आंदोलन को समर्थन देने के लिए रवाना हुए थे। ये हरियाणा के रास्ते दिल्ली पहुंचना चाह रहे थे। लेकिन हरियाणा पुलिस ने उन्हें रोक दिया है। गुरुवार को भी राजस्थान में किसानों के एक ग्रुप ने राजस्थान-हरियाणा के बॉर्डर शाहजहांपुर में जबरन घुसने की कोशिश की थी। करीब एक दर्जन ट्रैक्टरों ने हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए हरियाणा में प्रवेश कर लिया था और दिल्ली की तरफ रवाना हो गए थे।

बारिश ने बढ़ाई सिंघू बॉर्डर पर बैठे किसानों की मुश्किलें

दिल्ली में खराब मौसम और बारिश के कारण हुए जलभराव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के एक नेता ने कहा कि किसान जिन तंबूओं में रह रहे हैं। वे वॉटरप्रूफ हैं, लेकिन जलभराव से उनका बचाव नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से प्रदर्शन स्थलों पर हालात बहुत खराब हैं, यहां जलभराव हो गया है। बारिश के बाद ठंड बहुत बढ़ गई है लेकिन सरकार को किसानों की पीड़ा नजर नहीं आ रही।

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

Back to top button