खेलअंतराष्ट्रीय खबरें

IPL: RR ने स्टीव स्मिथ को किया रिलीज, संजू सैमसन नए कप्तान, रैना का CSK से करार बरकरार

आम मत | मुंबई

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए फरवरी में नीलामी होनी है। खिलाड़ियों के रिटेन और रिलीज के लिए सभी 8 टीमों को बुधवार तक लिस्ट जारी करनी थी। इसी कड़ी में राजस्थान रॉयल्स ने ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को रिलीज कर दिया है। वे रॉयल्स के कप्तान भी थे। उनकी जगह धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को कप्तान बनाया गया।

राजस्थान रॉयल्स के मालिक मनोज बदाले ने कहा कि आईपीएल के विस्तार के साथ कप्तानी पूरे साल का जिम्मा हो गया है। ऐसे में सक्षम भारतीय कप्तान होना जरूरी है। सैमसन ने कप्तान बनाए जाने पर कहा कि वे इस चुनौती को लेकर रोमांचित हैं। उन्होंने राहुल द्रविड, शेन वॉटसन, अजिंक्या रहाणे, स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की कप्तानी में काफी कुछ सीखा है।

इसी तरह, किंग्स इलेवन पंजाब के हरफनमौला ग्लेन मैक्सवेल और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एरॉन फिंच का करार भी खत्म हो गया है। पंजाब ने वेस्टइंडीज के शेल्डन कॉट्रेल, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान और न्यूजीलैंड के जिम्मी निशाम के साथ भी करार नहीं बढ़ाया। चेन्नई सुपरकिंग्स ने हरभजन के साथ तो मुंबई इंडियंस ने लसिथ मलिंगा, शेरफान रदरफोर्ड के साथ करार आगे नहीं बढ़ाया।

सीएसके ने पीयूष चावला, केदार जाधव और मुरली विजय के साथ करार खत्म कर लिया। दिल्ली की टीम से जेसन रॉय, एलेक्स कारे, संदीप लामिछाने और मोहित शर्मा की विदाई हो गई। सीएसके ने सुरेश रैना के साथ करार बढ़ा लिया है। हालांकि, निजी कारणों के चलते रैना 2020 का आईपीएल नहीं खेल पाए थे।

किस टीम के पास कितना बजट

CSK के पास पिछली नीलामी के बाद महज 15 लाख का ही बजट बाकी है। वहीं, मुंबई इंडियंस के पास 1.95 करोड़, RCB के पास 6.4 करोड़, कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 8.5 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स के पास 9 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद के पास 10.1 करोड़, RR के पास 14.75 करोड़ और पंजाब के पास सर्वाधिक 16.5 करोड़ बाकी बचे हैं।

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

Back to top button