प्रमुख खबरेंNewsचंडीगढ़राजनीति खबरेंराष्ट्रीय खबरेंहरियाणा

भिवानी में मिशन-2024 का रोडमैप तैयार करेगी भाजपा

– 11 और 12 फरवरी को होगी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक
– भाजपा का 10 लोकसभा सीटों पर फोकस, सभी विधायक, सांसद करेंगे शिरकत
– नई दिल्ली में की भाजपा नेताओं ने बैठक

चंडीगढ़ | आम मत ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मिशन-2024 (Mission-2024) की रणनीति बनाने के लिए प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक करने का निर्णय लिया है। यह बैठक 11 और 12 फरवरी को भिवानी में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल सभी नेता शिरकत करेंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर भी विचार िवमर्श होगा। यह निर्णय बुधवार को हरियाणा भवन नई दिल्ली में हुई भाजपा की बैठक में लिया गया।

इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के अलावा सीएम मनोहर लाल सहित कई मंत्रियों ने शिरकत की। बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हुई चर्चा को लेकर विचार किया गया है। साथ ही पार्टी हाईकमान की ओर से दिए गए संदेश पर भी मंथन हुआ है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे को लेकर बुधवार को नई दिल्ली स्थिति हरियाणा में भवन एक महत्वपूर्ण बैठक हुई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, की उपस्थिति में मंत्रियों व सांसदों के साथ गोहाना रैली को लेकर चर्चा हुई। 3 फरवरी को हरियाणा में संत रविदास जयंती को प्रदेश स्तर पर मनाने की तैयारियों को लेकर भी बैठक में मंत्रणा की गई।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की 29 जनवरी को प्रस्तावित रैली शानदार होगी। जब भी केंद्रीय मंत्री अमित शाह का प्रवास होता है तो एक लोकसभा की बैठक निश्चित रूप से होती है। शाह हरियाणा दौरे के दौरान रैली के अलावा एक तीर्थ स्थान का दर्शन भी करेंगे।

विभिन्न चुनाव और संगठन को लेकर होगा मंथन

भिवानी में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी आगामी समय में तीन नगर निगम चुनावों, संगठन की मजबूती और मिशन-2024 को लेकर मंथन किया जाएगा। इसमें सभी विधायकों के अलावा सांसद भी भाग लेंगे। पार्टी न केवल लोकसभा चुनावों को लेकर तैयारी में जुटेगी, बल्कि विधानसभा चुनावों को लेकर भी गहन विचार विमर्श किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के बाद प्रदेश सरकार कई बड़े निर्णय भी ले सकती है। यानी प्रदेश के लोगों के लिए कुछ ऐसी कल्याणकारी नीतियों का ऐलान किया जा सकता है, जिससे लोगों को लाभ मिल सके।

आला नेताओं ने की नड्‌डा से मुलाकात

भाजपा के नेताओं ने जहां पहले नई दिल्ली में बैठक की। इसके बाद शाम को सभी नेता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले। इस दौरान हरियाणा में पार्टी की गतिविधियों के अलावा आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन किया गया। पार्टी नेताओं ने जेपी नड्‌डा को कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद बधाई दी।

ये नेता रहे मौजूद

बैठक में सीएम मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, गृह मंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री जेपी दलाल, कैबिनेट मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता, बनवारी लाल, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, संगठन मंत्री रविंद्र राजू, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सांसद सुनीता दुग्गल, सांसद नायब सिंह सैनी, सांसद संजय भाटिया, विधायक महिपाल ढांडा आदि मौजूद रहे।

Follow Us: Facebook | YouTube | Twitter

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

इसे भी देखें
Close
Back to top button