आम मत | मुंबई
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का गुरुवार को निधन हो गया। मुंबई में हार्ट अटैक की वजह से 59 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। वे IPL की कॉमेंट्री के लिए मुंबई में रह रहे थे। डीन कई टीमों के कोच भी रह चुके थे साथ ही वो कमेंटेटर भी थे।
जोंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेला था। उनके नाम पर टेस्ट क्रिकेट में कई बेहतरीन रिकॉर्ड दर्ज हैं तो वहीं वो वनडे क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए जाने जाते थे। साल 2019 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया क्रिकट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। डीन जोंस ने ऑस्ट्रेलिया 16 मार्च 1984 को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।
उन्होंने 52 टेस्ट में 11 शतक की मदद से 46.55 की औसत से 3631 रन बनाए। टेस्ट में उनका बेस्ट स्कोर 216 रन था। वनडे में उन्होंने अपना डेब्यू 30 जनवरी 1984 को पाकिस्तान के खिलाफ एडिलेड में किया था। डीन जोंस कमेंटेटर के तौर पर अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने एक बार दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज हाशिम अमला को आतंकवादी कह दिया था। वे अफगानिस्तान के अंतरिम कोच भी रह थे।