प्रमुख खबरेंराजनीति खबरेंराष्ट्रीय खबरें

लोकसभा में कल कई अहम बिल हो सकते हैं पास, सुबह 10 बजे से शुरू होगा सत्र, राज्यसभा सत्र रद्द

आम मत | नई दिल्ली

बजट सत्र के अंतिम दिन यानी शनिवार को लोकसभा की कार्यवाही सुबह 10 बजे से ही शुरू हो जाएगी। कोरोना के कारण लोकसभा का सत्र शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चल रहा था। वहीं, शनिवार को होने वाला राज्यसभा सत्र रद्द कर दिया गया। लोकसभा में शनिवार को कई महत्त्वपूर्ण बिलों पर चर्चा होगी। भाजपा ने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया।

माना जा रहा है कि सरकार शनिवार को ही इन बिलों को पास कराने के मूड में है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल खत्म होने के बाद बताया कि सदन के लिए यह फैसला सभी सदस्यों की अपील के बाद लिया है। इस बजट सत्र की शुरुआत से ही लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चलती रही।

29 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण वाले दोनों सदनों के संयुक्त सत्र के दिन और बजट के दिन एक फरवरी को लोकसभा की कार्यवाही सुबह से शुरू हो गई थी। कुछ अरसे पहले दोनों सदनों की कार्यवाही को भी दो दिन कम करके 15 फरवरी के बजाय सत्र के प्रथम खंड का समापन 13 फरवरी के कामकाज के बाद करने का फैसला लिया गया था।

और पढ़ें