21वीं सदी का नया भारत कोई मौका नहीं खोएगा: मोदी
AERO India Show 2023: युद्धकों की गर्जनाओं के बीच 14वें एयराे इंडिया का उद्घाटन
आम मत | बेंगलूरु

“आज का भारत तेज और दूर की सोचता है और तुरंत फैसले लेता है। भारत की रफ्तार चाहे जितनी तेज हो लेकिन वो हमेशा जमीन से भी जुड़ा रहता है। “
यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यलहंका वायुसैनिक अड्डे पर द्विवार्षिक १४वें एयरो इंडिया प्रदर्शनी और एयर शो का उद्घाटन करते हुए कही। देश की बढ़ती रक्षा ताकत और मेक इन इंडिया की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि आज भारत की संभावनाओं और सामर्थ्य का प्रमाण हमारी सफलताएं दे रही हैं। आकाश में गर्जना करते हल्के युद्धक विमान तेजस मेक इन इंडिया की सफलता का प्रमाण है। 21 वीं सदी का नया भारत अब ना कोई मौका खोएगा और ना ही अपनी मेहनत में कोई कसर छोड़ेगा। हम कमर कस चुके हैं।

AERO India Show: भारत पर बढ़ा विश्व का विश्वास
मोदी ने कहा कि अमृत काल का भारत एक फाइटर पायलट की तरह आगे बढ़ रहा है, जिसको ऊंचाइयां छूने से डर नहीं लगता। जो सबसे ऊंची उड़ान भरने के लिए उत्साहित है। मोदी ने कहा कि भारत ने बीते 8-9 साल में अपने यहां रक्षा उत्पादन के क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। हम अभी इसे केवल एक शुरुआत मानते हैं। हमारा लक्ष्य वर्ष 2024 -25 तक रक्षा निर्यात को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाना है।

मोदी ने कहा कि भारत अब रक्षा उत्पादक देशों में शामिल होने के लिए तेजी से कदम बढ़ाएगा। सुधारों की राह पर हम हर क्षेत्र में क्रांति ला रहे हैं। दशकों तक रक्षा का सबसे बड़ा आयातक देश अब 75 देशों को रक्षा उपकरण निर्यात करता है।
मोदी ने कहा कि एयरो इंडिया में दुनिया के करीब 100 देशों की मौजूदगी दिखाता है कि भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ गया है। सिर्फ बाजार नहीं, भागीदार भी मोदी ने कहा कि भारत आज न केवल एक बाजार है, बल्कि कई देशों के लिए एक संभावित रक्षा भागीदार भी है, देश विश्व स्तर पर सैन्य हार्डवेयर के प्रमुख निर्यातकों में से एक बनने की ओर बढ़ रहा है।

मोदी ने कहा कि जब कोई देश नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के साथ ढलने लगती हैं। आज का ये आयोजन भारत की नई सोच को भी प्रतिबिंबित करता है। ये आयोजन केवल एक शो नहीं है, यह भारत के आत्मविश्वास और क्षमताओं का भी प्रतिबिंब है।

मोदी ने एयरो इंडिया (AERO India Show) में भारतीय पवेलियन का भी उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की विशाल भागीदारी, भारत की उभरती व्यापारिक क्षमता में घरेलू एवं वैश्विक व्यापारी समुदाय के एक नए विश्वास का प्रमाण है।

AERO India Show: वायुसेना प्रमुख ने किया गुरुकुल फार्मेशन का नेतृत्व
उद्घाटन समारोह के फ्लाई पास्ट में वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी ने एयरो इंडिया 2023 के उद्घाटन समारोह में गुरुकुल फॉर्मेशन का नेतृत्व किया। वायुसेना के जंगी विमानों, सूर्यकिरण और सारंग हवाई करतब दलों के साथ ही एचएएल के हेलीकॉप्टरों ने भी उद्घाटन समारोह में हैरतअंगेज कारनामे दिखाकर देसी-विदेशी प्रतिनिधियों को रोमांचित कर दिया।

#AeroIndia2023 #AeroIndiaShow