राजनीति खबरेंक्षेत्रीय खबरेंप्रमुख खबरें

राजस्थानः भाजपा में बढ़ी रार, वसुंधरा राजे के समर्थन में बना नया राजनीतिक मंच

आम मत | जयपुर

राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के विरोध में स्वर उठने लगे हैं। वहीं, शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा ली गई बैठक में राजे को ना बुलाने से समर्थक खासे नाराज हैं। उन्होंने राजस्थान में राजे के पक्ष में एक नया राजनीतिक मंच बना लिया है। इसे उन्होंने वसुंधरा राजे समर्थक राजस्थान मंच का नाम दिया है।

वहीं, इस मंच ने सोशल मीडिया पर टीम वसुंधरा के नाम से अलग संगठन बनाया है। वसुंधरा समर्थकों ने राजस्थान के हर जिले में अपना जिला अध्यक्ष बनाना शुरू कर दिया है। साथ ही, युवा संगठन और महिला संगठन भी तैयार किए जा रहे हैं। भाजपा के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी नेता के समर्थन में संगठन से अलग होकर अलग संगठन बनाया जा रहा है।

मंच के प्रदेश अध्यक्ष विजय भारद्वाज के अनुसार, वसुंधरा राजे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने राजस्थान को पिछड़े से अग्रणी राज्य बनाया है। इसलिए सभी ने तय किया है कि राजे के समर्थन में प्रदेशभर में जनसमर्थन तैयार किया जाए। जब वसुंधरा राजे मजबूत होंगी तभी प्रदेश में भाजपा मजबूत हो पाएगी।

इसकी जानकारी सभी भाजपा नेताओं कोः पूनिया

मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि इस बात की जानकारी भाजपा के सभी नेताओं को है और जो लोग इस संगठन में काम कर रहे हैं वह लोग भाजपा में सक्रिय सदस्य नहीं हैं। भाजपा व्यक्ति आधारित पार्टी नहीं हैं, यह संगठन आधारित पार्टी है।

Show More

Related Articles

Back to top button