राजनीति खबरेंक्षेत्रीय खबरेंप्रमुख खबरें

भाजपा विधायक के विवादित बोल, कहा- देश में बर्ड फ्लू फैलाने की है साजिश किसान आंदोलन

आम मत | जयपुर

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर राजस्थान के भाजपा विधायक ने रविवार को विवादित बयान दिया। उन्होंने आंदोलन को पिकनिक करार दिया। साथ ही, यह भी कहा कि ये चिकन बिरयानी खिलाकर देश में बर्ड फ्लू फैलाने की साजिश है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कोटा के रामगंजमंडी से भाजपा विधायक मदन दिलावर ने एक वीडियो में कहा कि “तथाकथित किसान आंदोलित हैं। किस बात के लिए आंदोलनरत हैं? जो किसानों के लिए बिल लाए गए हैं उन तीनों बिलों को निरस्त किया जाए ताकि किसानों को लाभ न मिले। इन तथाकथित किसानों को देश की चिंता नहीं है। देश के लोगों की भी चिंता नहीं है। उनके लिए आंदोलन क्या है,

वे एक पिकनिक मना रहे हैं, चिकन बिरयानी खा रहे हैं, काजू बादाम खा रहे हैं। सब प्रकार के ऐशो-आराम कर रहे हैं और वेश बदल-बदलकर वहां आ रहे हैं। उसमें आतंकवादी भी हो सकते हैं। उसमें कोई चोर लूटेरे भी हो सकते हैं। कुछ किसानों के दुश्मन भी हो सकते हैं। ये सब लोग देश को बर्बाद करना चाहते हैं।”

दिलावर ने ये भी कहा कि चिकन बिरायानी खिलाकर, मैं समझता हूं बर्ड फ्लू फैलाने का षड्यंत्र है ये। मुझे पूरी आशंका है कि कुछ दिनों में सरकार ने इनको नहीं हटाया तो देश में बर्ड फ्लू का प्रकोप बड़ा रूप ले सकता है। मेरी प्रार्थना है कि इन आंदोलनकारियों को तुरंत एकत्र होने से रोकें। उनको प्रेम से, मान जाएं तो ठीक नहीं तो सख्ती बरतें ताकि देश वासियों को बर्ड फ्लू के प्रकोप से बचाया जा सके।

कांग्रेस ने दिलावर के बयान की निंदा की

कांग्रेस ने भाजपा विधायक के इस बयान की कड़ी निंदा की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा, “बीजेपी, राजस्थान के विधायक मदन दिलावर जी का किसानों के लिए आतंकवादी, लुटेरे जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना शर्मनाक है। जिस अन्नदाता ने आपके पेट में अन्न पहुंचाया उनके आंदोलन को आप पिकनिक बता रहे हैं, बर्ड फ्लू के लिए ज़िम्मेदार बता रहे हैं ? आपका यह बयान बीजेपी की सोच दर्शाता है।”

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

Back to top button