आम मत | मुंबई
मुंबई पुलिस टीआरपी फर्जीवाड़े में रिपब्लिक टीवी पर नकेल कसने की तैयारी में है। इसी कड़ी में मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के सीईओ विकास खनचंदानी को समन जारी किया है। इसी तरह, चैनल के डिस्ट्रिब्यूशन हेड घनश्याम सिंह और हंसा रिसर्च के सीईओ को भी समन भेजा गया है। मुंबई पुलिस ने इनकम टैक्स और जीएसटी डिपार्टमेंट को कर चोरी की जांच के लिए सूचित कर दिया।
इससे पहले, आईपीजी मीडियावर्क्स के शशि सिन्हा और मैडिसन के सैम बलसारा का बयान दर्ज किया गया। दोनों से एडवरटाइजर्स के बारे में पूछताछ की गई। मुंबई पुलिस ने साफ कहा कि रिपब्लिक द्वारा चलाई जा रही उक्त रिपोर्ट, हंसा रिसर्च की इंटरनल रिपोर्ट नहीं है। उन्हें ऐसी किसी भी रिपोर्ट के बारे में जानकारी नहीं है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त Bompally Rao Mistri ने 5 से 6 खातों से धन प्राप्त किया था। एक करोड़ रुपए से अधिक का लेन-देन पाया गया। 38 उन लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनके घरों में बैरोमीटर लगाए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट जाएगा रिपब्लिक टीवी
दूसरी ओर, मामले पर रिपब्लिक टीवी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही। चैनल के सीएफओ ने मुंबई पुलिस से कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं। एक हफ्ते में मामले की सुनवाई होने की संभावना है। इसलिए उन्होंने मुंबी पुलिस से जांच शुरू ना करने की अपील की है। इस बीच, टीआरपी फर्जीवाड़ा मामले में जांच पड़ताल जारी है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के साथ-साथ आर्थिक अपराध शाखा की मदद लेगी। आर्थिक अपराध शाखा फंड ट्रांसफर, फेक टीआरपी के जरिए विज्ञापन से कमाए गए धन को लेकर छानबीन करेगी।