आम मत | पटना
केंद्रीय मंत्री और लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान का शनिवार को पटना में गंगा नदी के किनारे दीघा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें पुत्र चिराग पासवान ने मुखाग्नि दी। इस दौरान चिराग गश खाकर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और मुखाग्नि दिलवाई। इससे पहले पासवान के पटना स्थित घर से अंतिम यात्रा निकाली गई।
बेटे चिराग पासवान ने जैसे ही पिता को कंधा दिया, लोगों की आंखें नम हो गईं। ‘रामविलास अमर रहें’ के नारे लगे। पार्थिव शरीर को सेना के वाहन पर रखा गया था। उल्लेखनीय है कि रामविलास पासवान का 74 साल की उम्र में गुरुवार को दिल्ली में निधन हो गया।
वे पिछले कुछ महीनों से बीमार थे और 11 सितंबर को अस्पताल में भर्ती हुए थे। एम्स में 2 अक्टूबर की रात उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी। इससे पहले भी एक बायपास सर्जरी हो चुकी थी।