BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को आर्डियक अरेस्ट, अस्पताल में चल रही एंजियोप्लास्टी

आम मत | कोलकाता

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रेसिडेंट और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को शनिवार को कार्डियक अरेस्ट आ गया। उन्हें वर्कआउट के दौरान सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद गांगुली को कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में एडमिट कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, 48 वर्षीय गांगुली को एंजियोप्लास्टी की आवश्यकता है।

सौरव गांगुली का हेल्थ बुलिटिन जारी करते हुए अस्पताल ने कहा, ‘गांगुली को घर के जिम में ट्रेडमिल करते समय सीने में तकलीफ का सामना करना पड़ा। ECG और ECO टेस्ट की रिपोर्ट के बाद अभी उनकी एंजियोप्लास्टी चल रही है।’ दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

गांगुली की तबीयत बिगड़ने के बाद जैसे ही यह खबर फैली, तो सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांगने लगे। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, शिखर धवन, बीसीसीआई और पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उल्लेखनीय है कि गांगुली भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।

उन्होंने भारत के लिए 113 टेस्ट में 7,212 रन वहीं, 311 वनडे मैच में 11363 रन बनाए थे। गांगुली ने 49 टेस्ट और 147 वनडे मैच में कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में वर्ष 2003 में भारत 1983 के बाद विश्व कप फाइनल में पहुंची थी।

Exit mobile version