आम मत | नई दिल्ली
संसद का मॉनसून सत्र 14 सितंबर से शुरू होने वाला है। इससे पहले कांग्रेस ने कई नियुक्तियां की है। कांग्रेस ने राज्यसभा और लोकसभा में पार्टी के बेहतर प्रबंधन के लिए 5-5 लोगों की टीम बनाई है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गौरव गोगोई को लोकसभा में उपनेता नियुक्त किया है। वहीं, रवनीत सिंह बिट्टू को डिप्टी व्हिप नियुक्त किए गए।
इसी तरह, राज्यसभा की टीम में अहमद पटेल और केसी वेणुगोपाल को भी जोड़ा गया है। वहीं, जयराम रमेश को राज्यसभा में चीफ ऑफ व्हिप बनाया है। लोकसभा में अधीर रंजन चौधरी पार्टी के नेता, के. सुरेश चीफ व्हिप और केरल से सांसद मनिक्कम टैगोर एक अन्य डिप्टी व्हिप हैं। गौरव गोगोई भी अभी तक डिप्टी व्हिप थे जिनको अब उपनेता बना दिया गया है।

अभी तक निचले सदन में नहीं था कोई उपनेता
अभी तक निचले सदन में कांग्रेस का कोई उपनेता नहीं था। गौरव गोगोई असम में कलियाबोर से सांसद हैं जहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। वह असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र हैं और इसी हफ्ते एक बेटी के पिता बने हैं।
राज्यसभा में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और जयराम रमेश क्रमश: नेता प्रतिपक्ष, उपनेता और चीफ व्हिप बने रहेंगे। इनके अलावा बेहतर समन्वय के लिए पटेल और वेणुगोपाल को राज्यसभा की समिति में जोड़ा गया है।
संसद में 10 सांसदों का पैनल बनाया गया है। इसमें गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, जयराम रमेश, अहमद पटेल, केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, के सुरेश, मनिकराम टैगौर और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं। फिलहाल अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में कांग्रेस के नेता हैं, जबकि के. सुरेश मुख्य व्हिप हैं। गोगोई पहले व्हिप की भूमिका में थे। इसके अलावा मणिकम टैगोर भी व्हिप हैं।
राजनीति से जुड़ी खबरों के लिए सब्सक्राइब करें
आम मत