– राहुल गांधी भी गए हैं सोनिया के साथ
– कई सांसद उम्र तो कई स्वास्थ्य के चलते नहीं लेंगे हिस्सा
– तृणमूल कांग्रेस के 7 और भाजपा के एक सांसद नहीं होंगे उपस्थित
आम मत | नई दिल्ली
संसद का मॉनसून सत्र सोमवार 14 सितंबर से शुरू होने वाला है। कोरोना काल का यह पहला सत्र होगा। 18 दिवसीय इस सत्र में नो कोविड सर्टिफिकेट के बाद ही संसद में प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे में इस बार सत्र में इसका असर देखने को मिलेगा। कई सांसद उम्र और स्वास्थ्य के कारण सत्र में शामिल नहीं होंगे। ऐसे ही सांसदों में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी नाम है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी पुत्र और सांसद राहुल गांधी के साथ हेल्थ चेकअप के लिए विदेश रवाना हो गई हैं। वे दो सप्ताह बाद भारत लौटेंगी। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के 7 और भाजपा के एक सांसद भी सत्र में उपस्थित नहीं होंगे। इनमें कुछ सांसद फिलहाल ही कोरोना से उबरे हैं।
इसी तरह, रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगदी कोरोना पॉजिटिव होने के कारण सत्र में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वहीं, आयुष मंत्री श्रीपद नाइक शनिवार को ही कोरोना से ठीक होकर लौटे हैं। 67 वर्ष की उम्र को देखते हुए उनके भी सत्र में शामिल होने के कम ही आसार हैं।
इसी तरह, पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह और एके एंटनी भी उम्र के बावजूद सत्र में उपस्थित हो सकते हैं।
राज्यसभा के उपसभापति पद के लिए पहले दिन होगी वोटिंग
सत्र के पहले दिन राज्यसभा में उपसभापति पद के लिए चुनाव होगा। विपक्ष की ओर से राजद नेता मनोज झा और एनडीए की ओर से जदयू नेता हरिवंश नारायण सिंह के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। भाजपा ने इसके लिए पहले ही व्हिप जारी कर दिया है।