आम मत | नई दिल्ली
पाकिस्तान को फ्रांस से बड़ा झटका लगा है। फ्रांस ने पाक के मिराज फाइटर जेट, एयर डिफेंस सिस्टम और अगोस्ता 90बी क्लास की सबमरीन को अपग्रेड करने से इनकार कर दिया है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने यह फैसला लिया है।
उल्लेखनीय है कि पैगंबर मोहम्मद कार्टून विवाद में तुर्की के इशारे पर पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने मैक्रों की आलोचना की थी। माना जा रहा है कि इससे नाराज होकर ही फ्रांस ने यह फैसला लिया है। दूसरी ओर, लड़ाकू विमान राफेल खरीदने वाले देश कतर को फ्रांस ने पाकिस्तान मूल के तकनीशियनों को काम ना करने देने के लिए कहा है।
ऐसा इसलिए कहा गया क्योंकि वे इस्लामाबाद को इस लड़ाकू विमान से जुड़ी तकनीकी जानकारी लीक कर सकते हैं। राफेल अब भारत का फ्रंट लाइनर लड़ाकू जेट है। पाकिस्तान ने अतीत में चीन के साथ महत्त्वपूर्ण रक्षा डाटा साझा किया था।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के पास फ्रांसीसी कंपनी दसॉल्ट एविएशन द्वारा निर्मित करीब 150 मिराज फाइटर जेट हैं। हालांकि, इनमें से आधे ही सेवा योग्य हैं। फ्रांस के इन्हें अपग्रेड करने से मना कर देने के बाद अब पाकिस्तान की वायुसेना गंभीर प्रभाव पड़ेगा। वहीं, फ्रांसीसी-इतालवी वायुरक्षा प्रणाली को अपग्रेड करने के लिए इसी तरह के अनुरोध को भी फ्रांस द्वारा अस्वीकार कर दिया है।