आम मत | नई दिल्ली
अरुणाचल प्रदेश के गांव से अगवा किए गए 5 युवकों को चीन शनिवार को भारत को सौंपेगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। रिजिजू ने ट्वीट किया कि चीनी पीएलए ने अरुणाचल प्रदेश के 5 युवाओं को भारतीय सेना को कल सौंपने की पुष्टि की है।
इससे पहले चीन ने स्वीकार किया था कि अरुणाचल से गायब युवक उसके पास हैं। रिजिजू ने मंगलवार को ट्वीट किया था कि चीनी सेना ने भारतीय सेना द्वारा भेजे गए हॉटलाइन संदेश का जवाब दिया है। चीनी सेना ने पुष्टि की है कि अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए युवक उनके क्षेत्र में पाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह अरुणाचल से कांग्रेस विधायक निनॉन्ग इरिंग ने ट्वीट कर दावा किया था कि चीन के सैनिकों ने 5 भारतीय लड़कों को अगवा कर लिया है। इरिंग के इस दावे के बाद भारतीय सेना की ओर से चीन की सेना को शिकायत की थी। पहले तो चीन की सेना ने मामले पर पल्ला झाड़ लिया। दबाव पड़ने के बाद चीन ने पांचों लड़कों के चीन में होने की बात मान ली थी। अब वह पांचों लोगों को छोड़ने के लिए तैयार है।