आम मत | नई दिल्ली
भारत ने एक दिन में सर्वाधिक रिकवरी रेट हासिल की है। पिछले 24 घंटों के दौरान 87,472 रोगियों को घर, सुविधा केंद्र और अस्पतालों से छुट्टी दी गई। वहीं, पिछले 11 दिनों से लगातार 70 हजार से अधिक रोगी हर रोज ठीक हो रहे हैं। रिकवरी रेट शुक्रवार को बढ़कर 78.86% हो गई। अभी तक कुल 41 लाख 12 हजार 551 लोग ठीक हो चुके हैं।
एक्टिव केसों की तुलना में रिकवर होने वाले केसों की संख्या 4.04 गुना हैं। 5 राज्यों में से सबसे अधिक मामले सामने के साथ-साथ सबसे अधिक दर से भी रोगी ठीक हुए हैं। 59.8% सक्रिय मामले महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से सामने आ रहे हैं।
कुल मरीजों के रिकवरी रेट में 5 राज्यों में योगदान 59 फीसदी
इन 5 राज्यों का कुल मरीजों के रिकवरी रेट में 59.3% योगदान है। 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 90% रोगी ठीक हुए हैं। नई रिकवरी रेट में महाराष्ट्र का योगदान (19,522) 22.31% का है, जबकि आंध्र प्रदेश (12.24%), कर्नाटक (8.3%), तमिलनाडु (6.31%) और छत्तीसगढ़ (6.0%) ने 32.8% योगदान दिया है। इन राज्यों ने साथ मिलकर 55.1% का योगदान दिया है।