Site icon AAMMAT.in: AAM MAT NEWS

विकास की पत्नी बोली-जिसने जैसा सलूक किया, उसे वैसा सबक सिखाऊंगी

विकास की पत्नी बोली-जिसने जैसा सलूक किया, उसे वैसा सबक सिखाऊंगी | vikas antim sanskar

आम मत | कानपुर

कानपुर में शुक्रवार सुबह गैंगस्टर विकास दुबे का एनकाउंटर कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव का शहर के ही भैरवघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान विकास की पत्नी ऋचा, छोटा बेटा और जीजा मौजूद रहे। विकास के माता-पिता अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हमारा उससे कोई रिश्ता नहीं है। पिता रामकुमार दुबे ने पुलिस कार्रवाई को उचित कहा। लखनऊ में विकास की मां सरला दुबे ने भी अंतिम संस्कार में जाने से मना कर दिया।

इधर, पत्रकारों के सवाल पर विकास की पत्नी ऋचा भड़क गई। उसने कहा ‘भाग जाओ, जिसने जैसा सलूक किया है, उसे वैसा ही सबक सिखाऊंगी, जरूरत पड़ी तो बंदूक भी उठाऊंगी।’ ऋचा ने मीडियाकर्मियों को आपत्तिजनक भाषा से संबोधित किया। इससे पहले पोस्टमार्टम के बाद विकास का शव उसके जीजा को सौंपा गया। वहीं, विकास के अंतिम संस्कार के दौरान कई थानों की पुलिस भी मौजूद रही। उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात विकास की पत्नी और बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। दोनों को शुक्रवार दोपहर छोड़ा गया।

शहीद जितेंद्र और बबलू के परिजन बोले-गद्दारों को भी मिले कड़ी सजा

विकास के एनकाउंटर की खबर मिलने पर कानपुर के बिकरू गांव में शहीद हुए 8 पुलिसकर्मियों के परिजनों ने इस पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस अब गद्दारों को भी ढूंढे और उन्हें भी कड़ी सजा दी जाए। शहीदों में से मथुरा निवासी सिपाही जितेंद्र पाल के पिता तीर्थराज ने कहा कि वे यूपी पुलिस का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने विकास का एनकाउंटर किया। उन्हें यूपी पुलिस पर गर्व है। विकास के एनकाउंटर से शहीद पुलिसकर्मियों की आत्मा को शांति मिली है। पुलिस को गद्दारों को भी ढूंढकर सजा दिलानी चाहिए। वहीं, आगरा निवासी शहीद सिपाही बबलू कुमार के पिता ने कहा कि पुलिस को गद्दारी करने वाले लोगों का भी एनकाउंटर कर देगा चाहिए।

Exit mobile version