Site icon AAMMAT.in: AAM MAT NEWS

वैक्सीनेशन शुरू, पहले दिन लक्ष्य से पीछे टीकाकरण, 1.65 लाख लोगोंं को ही लग पाई वैक्सीन

Vaccination

आम मत | नई दिल्ली

देश में कोरोना के खिलाफ शनिवार से युद्ध का ऐलान हो गया। अब तक चली आ रही तैयारियों को शनिवार से मूर्त रूप दे दिया गया। देशभर में वैक्सीनेशन शुरू हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सरकार टीकाकरण के पहले दिन रखे गए अपने लक्ष्य को नहीं पा सकी। सरकार ने देशभर में पहले दिन जहां 3 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा था। वहीं, पहले दिन यानी शनिवार को महज 1 लाख 65 हजार 714 लोगों को ही वैक्सीन लगाई जा सकी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि वैक्सीनेशन के लिए 3,351 सेंटर बनाए गए थे। इन वैक्सीनेशन सेंटर पर 16,755 लोगों की ड्यूटी लगाई गई। मंत्रालय के मुताबिक, वैक्सीन लेने के बाद किसी को भी अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। सरकार ने पहले दिन शाम 5:30 बजे तक का जो आंकड़ा बताया, वह टारगेट के मुकाबले 53% ही था। बाद में अपडेट हुए डेटा में यह लगभग 60 प्रतिशत हो गया। एक जगह पर 100 लोगों को वैक्सीन लगनी थी।

इस हिसाब से 3351 जगहों पर पहले दिन 3 लाख 35 हजार 100 लोगों को टीका लग सकता था। सरकार ने यह भी बताया कि पहले दिन कुछ जगहों पर बेनिफिशियरी लिस्ट अपलोड होने में देरी हुई। कुछ जगहों पर ऐसा भी हुआ कि जिन हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई गई, वे पहले दिन के लिए शेड्यूल्ड नहीं थे। हालांकि, पहले दिन के फाइनल आंकड़े सरकार बाद में जारी करेगी।

सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन वाले 15 राज्य

राज्यकितने लोगों को लगी वैक्सीन
आंध्र प्रदेश 16,963
बिहार 16,401
उत्तर प्रदेश 15,975
महाराष्ट्र 15,727
कर्नाटक 12,637
प. बंगाल 9,578
राजस्थान 9,279
ओडिशा 8,675
गुजरात 8,557
केरल 7,206
मध्यप्रदेश 6,739
छत्तीसगढ़ 4,985
हरियाणा 4,656
तेलंगाना 3,600
तमिलनाडु 2,728
Contributor
Do you like आममत न्यूज़ डेस्क's articles? Follow on social!
Exit mobile version