Site icon AAMMAT.in: AAM MAT NEWS

अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना का निधन, हार्ट अटैक बना कारण

अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना का निधन, हार्ट अटैक बना कारण | maradona

आम मत | नई दिल्ली

महान फुटबॉलर और अर्जेंटीना के पूर्व खिलाड़ी डिएगो माराडोना का बुधवार को निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ना उनकी मौत का कारण बना। 60 वर्षीय माराडोना लंबे समय से बीमार भी चल रहे थे। माराडोना की दो सप्ताह पहले ही ब्रेन में क्लॉट की सर्जरी हुई थी। उनकी मौत पर खेल जगत के धुरंधरों ने संवेदना व्यक्त की। साथ ही, आम लोगों ने भी उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया।

बीसीसीआई के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया पर माराडोना के साथ फोटो शेयर करते हुए संवेदना व्यक्त की। वहीं, पुर्तगाल के नामी फुटबॉलर क्रिस्टीयानो रोनाल्डो ने भी माराडोना की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए उनके साथ की पुरानी फोटो पोस्ट की।

उल्लेखनीय है कि डिएगो माराडोना को सर्वकालिक महान फुटबॉलर कहा जाता है। उन्होंने 1976 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण किया था और 1986 में उनकी कप्तानी में ही अर्जेंटीना ने पहली बार वर्ल्ड कप जीता था। अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में उनकी 9 फीट ऊंची कांसे की मूर्ति उनके 58वें जन्मदिन पर वर्ष 2018 में लगाई गई थी।

माराडोना ने 17 साल लंबे (1977-94) अंतरराष्ट्रीय करिअर में 91 मैचों में 34 गोल दागे। उन्होंने 1997 में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास ले लिया था। वे दो साल (2008-2010) तक अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के कोच भी रहे थे। 2010 के विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जर्मनी के हाथों मिली हार के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Contributor
Do you like आममत न्यूज़ डेस्क's articles? Follow on social!
Exit mobile version