Site icon AAMMAT.in: AAM MAT NEWS

पश्चिम बंगालः मिदनापुर में शाह का दीदी पर वार, कहा- चुनाव आते-आते अकेली रह जाएंगी ममता बनर्जी

पश्चिम बंगालः मिदनापुर में शाह का दीदी पर वार, कहा- चुनाव आते-आते अकेली रह जाएंगी ममता बनर्जी | shah at midnapore

– टीएमसी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा का दामन थामा
– सांसद, पूर्व सांसद और 10 विधायकों ने ली भाजपा की सदस्यता

आम मत | कोलकाता

गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर पहुंचे। शाह ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तो तृणमूल कांग्रेस छोड़ने का सिलसिला शुरू ही हुआ है। चुनाव आते-आते राज्य में ऐसे हालात होंगे कि ममता बनर्जी अकेली रह जाएंगी। भाजपा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 200 सीटों के प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

रैली के दौरान टीएमसी छोड़ चुके और ममता के खास रहे पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा का दामन थामा। सांसद सुनील मंडल, पूर्व सांसद दशरथ तिर्की और 10 विधायकों ने भी भाजपा जॉइन की है। इनमें 5 विधायक तृणमूल कांग्रेस के हैं। शाह ने कहा कि शुभेंदु की अगुआई में आज सभी अच्छे लोग भाजपा से जुड़े हैं। दीदी कहती हैं कि भाजपा दलबदल कराती हैं। दीदी जब कांग्रेस छोड़कर तृणमूल में आई थीं, वो क्या था। चुनाव आते-आते तृणमूल खाली हो जाएगी। जो हमारे साथ आ रहे हैं, वो मां-माटी-मानुष के नारे के साथ निकले थे।

शाह ने रामकृष्ण आश्रम से की मिशन बंगाल की शुरुआत

शाह ने कहा कि इस महान भूमि को प्रणाम करता हूं, जहां शिक्षा शास्त्री ईश्वरचंद्र विद्यासागर और शहीद खुदीराम बोस का जन्म हुआ। 18 साल का लड़का हाथ में गीता लेकर हंसते-हंसते फांसी पर झूल गया। उनकी शहादत के बाद लोगों में खुदीराम की धोती पहनने की होड़ लग गई थी। अमित शाह ने मिशन बंगाल की शुरुआत रामकृष्ण आश्रम जाकर की।

यहां उन्होंने रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के घर गए और उनके परिवार वालों से मुलाकात की। यहां उन्होंने कहा कि खुदीराम बोस के घर आकर नई ऊर्जा का अनुभव कर रहा हूं।

Contributor
Do you like आममत न्यूज़ डेस्क's articles? Follow on social!
Exit mobile version