अंतराष्ट्रीय खबरें

पर्यटकों के लिए 15 जुलाई से खुला मालदीव, होटलों पर लगी पाबंदियां हटीं

आम मत | माले / नई दिल्ली

कोरोना का कहर पूरे विश्व पर है। पिछले चार महीनों से तकरीबन हर देश में लॉकडाउन था। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी करीबन सभी देशों ने रोक लगा रखी थी। अब धीरे-धीरे जीवन सामान्य होने की ओर अग्रसर हो रहा है। भारत समेत कई देशों में लॉकडाउन को नियमों के साथ खोला गया है।

इसी कड़ी में मालदीव भी पर्यटकों के लिए 15 जुलाई से खुल गया है। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने इसका ऐलान किया था। मालदीव के पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, द्वीप, रिजोर्ट, होटल्स और रेस्टोरेंट पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं। प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए यह देश पर्यटकों में खासा लोकप्रिय है।

यहां सालभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। यहां पर्यटक साफ-सुंदर समुद्र के तटों और द्वीपों (आईलैंड) को देखने के लिए आते हैं। यहां माले एटॉल, सन आईलैंड, बनाना रीफ, अलीमाथा आईलैंड, बायलोमिनेसेंट बीच, आर्टिफिशियल बीच और बारूस आईलैंड की खूबसूरती देखते ही बनती है।

साथ ही, यहां घूमने, शॉपिंग के लिए मजिधि मागु, नेशनल म्यूजियम, ग्रैंड फ्राइडे मॉस्क्यू, चीन-मालदीव फ्रेंडशिप ब्रिज, सूनामी मोन्यूमेंट्स, नेशनल आर्ट गैलेरी जैसे दर्शनीय स्थल हैं। हनिफारु बे और एचपी रीफ में स्कूबा डाइविंग का मजा लिया जा सकता है।

और पढ़ें

संबंधित स्टोरीज

Back to top button