अपराधक्षेत्रीय खबरें

बिहारः मुंगेर में हिंसा, रचना पाटिल डीएम तो मानवजीत ढिल्लों एसपी नियुक्त

आम मत | पटना / मुंगेर

बिहार के मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद चुनाव आयोग ने गुरुवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को हटाने का आदेश दिया था। अब रचना पाटिल को डीएम बनाया गया और मानवजीत स‍िंह ढ‍िल्लों को मुंगेर का नया एसपी बनाया गया। राज्य में विधानसभा चुनावों के बीच मुंगेर में हिंसा भड़क उठी है। मुंगेर में मूर्ति विसर्जन में हुए गोलीकांड को लेकर गुरुवार को फिर बवाल हुआ।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद पूरब सराय थाने में आग लगा दी। स्थिति कंट्रोल में करने के लिए डीआईजी मनु महाराज ने मोर्चा संभाल लिया। डीआईजी मुन महाराज ने आज दोपहर मुंगेर में पुलिस के जवानों के साथ फ्लैग मार्च किया। इस बीच सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस कार्यालय के आगे लगे बोर्ड को भी उखाड़ फेंका।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं का हुजूम पूरब सराय थाने पहुंचा, जिसके बाद थाने के सामने खड़ी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स भेजा गया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोलीकांड के विरोध में चैंबर आफ कॉमर्स ने मुंगेर बाजार बंद बुलाया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी बाजार में व्यवसायियों से दुकान बंद करने की अपील करते दिखाई दिए। इस वजह से शहर की अधिकतर दुकानें भी बंद रहीं। फिलहाल, मुंगेर में स्थिति तनावपूर्ण है और जगह-जगह पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। चुनाव आयोग ने डीएम और एसपी को बदलने का आदेश दिया था।

Show More

Related Articles

Back to top button